सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने आज फिर इशारों-इशारों में लालू राज पर जमकर तंज कसा। नीतीश कुमार ने बिना लालू का नाम लिए कहा कि उनकी सरकार बनने से पहले बिहार में कोई काम नहीं होता था। हालत बहुत खराब थी। किसानों के लिए भी कुछ नहीं होता था।
महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए भी कुछ नहीं किया जाता था, लेकिन मेरी सरकार आने के बाद महिलाओं के सशक्तीकरण और किसानों के लिए काफ़ी काम हुआ है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना के गांधी मैदान में कृषि यांत्रिक मेले का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। नीतीश कुमार ने कहा कि भूलिएगा मत, याद कीजिए, हमारी सरकार आने से पहले बिहार में कुछ काम भी होता था क्या। 2005 के नवंबर में हमारी सरकार बनी, तब से हालत बदलनी शुरू हुई।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आपलोगों की उम्र कम है, इसलिए आपलोगों को उन दिनों की हालत के बारे में पता नहीं। आज देखिए यहां कितनी बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची हैं। आज बिहार में हर क्षेत्र में महिलाएं बढ़-चढ़कर काम कर रही हैं और मुझे यह देखकर बहुत खुशी होती है।