पाकिस्तान सऊदी अरब रक्षा समझौता: “किसी एक पर हमला, दोनों पर हमला माना जाएगा”, भारत ने दी संयमित प्रतिक्रिया

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच एक रणनीतिक पारस्परिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसमें एक महत्वपूर्ण शर्त यह है कि “किसी एक देश पर किया गया हमला, दोनों देशों पर हमला माना जाएगा।” यह समझौता पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की रियाद यात्रा के दौरान हुआ। इस बैठक में सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर मौजूद थे। बैठक अलयमामा पैलेस, रियाद में हुई।

भारत ने इस समझौते पर संयमित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कोई नई बात नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को औपचारिक रूप देना है। विदेश मंत्रालय (MEA) की ओर से कहा गया, “हमने सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच रणनीतिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर की खबरें देखी हैं। यह एक ऐसा विकास है, जिसके बारे में सरकार पहले से अवगत थी। यह दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोग को औपचारिक बनाता है।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत इस समझौते के राष्ट्रीय सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक प्रभावों का अध्ययन करेगा और देश के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। संयुक्त बयान में कहा गया कि यह समझौता करीब आठ दशकों से चले आ रहे सहयोग, इस्लामी भाईचारे, और सामरिक हितों पर आधारित है। इसका उद्देश्य दोनों देशों की रक्षा क्षमताओं को मज़बूत करना और संयुक्त प्रतिरोध को बढ़ावा देना है। यह समझौता ऐसे समय आया है जब भारत और पाकिस्तान के रिश्ते पहलगाम आतंकी हमले और भारत की जवाबी कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर के बाद तनावपूर्ण हो गए हैं।

वहीं भारत और सऊदी अरब के संबंध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में लगातार मजबूत हुए हैं। भारत अब सऊदी अरब का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। अप्रैल में पीएम मोदी की रियाद यात्रा के दौरान सऊदी अरब ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की थी और आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट रुख अपनाया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने अब तक सऊदी अरब की तीन बार यात्रा की है और 2016 में उन्हें सऊदी अरब के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘किंग अब्दुलअज़ीज़ सैश’ से नवाज़ा गया था।

Share This Article