काशी एक्सप्रेस में बम की सूचना से हड़कंप, मऊ स्टेशन पर ट्रेन खाली कराई गई…

Ritu Raj

मंगलवार सुबह काशी एक्सप्रेस (15018 डाउन) में बम होने की सूचना से मऊ रेलवे जंक्शन पर हड़कंप मच गया। गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई) जा रही इस ट्रेन को सुरक्षा कारणों से मऊ स्टेशन पर रोका गया, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे कंट्रोल रूम को फोन कॉल के जरिए ट्रेन में बम रखे जाने की सूचना मिली। अलर्ट मिलते ही पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई। ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारकर प्लेटफॉर्म से दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। मऊ के पुलिस अधीक्षक इला मारन ने बताया कि बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से ट्रेन के हर कोच की गहन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से प्लेटफॉर्म नंबर एक और उसके आसपास के पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया गया। तलाशी के दौरान स्टेशन परिसर में एक संदिग्ध बैग मिला, जिसे पुलिस ने सावधानीपूर्वक बाहर ले जाकर जांच की। हालांकि शुरुआती जांच में बैग के भीतर किसी तरह का विस्फोटक या आपत्तिजनक सामग्री नहीं पाई गई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गौरतलब है कि इससे पहले ही रेलवे और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया था। मौके पर एसपी, एएसपी अनूप कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय सिंह और जीआरपी थानाध्यक्ष राजकपूर सिंह बम डिस्पोजल स्क्वॉड और तकनीकी टीम के साथ मौजूद रहे। ट्रेन की हर बोगी, यात्रियों के सामान और इंजन की गहन जांच की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि लगातार हो रहे अनाउंसमेंट के जरिए प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की। समाचार लिखे जाने तक जांच प्रक्रिया जारी थी और ट्रेन को आगे रवाना करने को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया था।

Share This Article