सिटी पोस्ट लाइव
कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक बड़े जनआंदोलन की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष संस्था नहीं रह गया है और अब वह RSS का दफ्तर बन चुका है। पटना में मीडिया से बात करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि, “चुनाव आयोग भगवान नहीं है, न ही अलादीन का चिराग है। यदि जरूरत पड़ी, तो हम बिहार के गरीबों और मतदाता अधिकारों के लिए जान भी देने को तैयार हैं।”
उन्होंने साफ कहा कि अब आर-पार की लड़ाई होगी और जल्द ही राज्य भर में “वोटर लिस्ट पूर्ण निरीक्षण प्रमाण आंदोलन” शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मुद्दे पर उनकी बातचीत कांग्रेस के बिहार प्रभारी से भी हुई है, और जल्द ही एक बड़ा राजनीतिक फैसला लिया जाएगा।
पप्पू यादव ने आम आदमी पार्टी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा बिहार में अकेले चुनाव लड़ने की बात पर चुटकी लेते हुए कहा, “सबको अधिकार है, लेकिन रस्सी जल गई है, ऐंठन अभी भी बाकी है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, पक्षपात या मतदाता वंचना के मामलों पर चुनाव आयोग ने तुरंत कार्रवाई नहीं की, तो जनता के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।