बिहार चुनाव से पहले गरमाई सियासत, JDU ने कसा RJD पर भ्रष्टाचार का तंज

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना :
जैसे-जैसे बिहार में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियाँ तेज़ हो रही हैं, वैसे-वैसे सियासी दलों की ज़ुबानी जंग भी अपने चरम पर पहुंच रही है। ताज़ा बयानबाज़ी में जेडीयू (JDU) ने आरजेडी (RJD) पर करारा तंज कसते हुए उसे नया नाम दे डाला
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरजेडी सुप्रीमो तेजस्वी यादव पर सीधा हमला करते हुए कहा, अब इसे राष्ट्रीय जनता दल नहीं, रीतलाल जनता दल कहा जाएगा।” नीरज कुमार यहीं नहीं रुके। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहज़े में तेजस्वी यादव को पार्टी का नया पता भी बता दिया रीतलाल राय, गोदावरी खंड, वार्ड नंबर एक, कोठरी संख्या 3915।” उन्होंने कहा कि तेजस्वी को अपने पुराने सहयोगी से जेल में मुलाकात करनी चाहिए।“जेल में मुलाकात का समय सुबह 9:30 से 11:45 तक है। तेजस्वी यादव जी, आपके परिवार के लिए रीतलाल यादव ने बहुत सेवा की है, इसलिए दर्शन के लिए समय निकालिए।” इस पूरे बयान के ज़रिए जेडीयू ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि आरजेडी भ्रष्टाचार और अपराध के मामलों में घिरी हुई है। रीतलाल यादव, जिनका नाम कथित रूप से अपराध से जोड़ा जाता रहा है, को प्रतीक के तौर पर इस्तेमाल कर JDU ने RJD की छवि पर निशाना साधा है। राजनीति के जानकार मानते हैं कि चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, सियासी पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह दौर और तेज़ होगा। यह सिर्फ शब्दों की लड़ाई नहीं है, बल्कि जनमानस को प्रभावित करने की कोशिश भी है।
इस तरह के बयानों का एक ही मकसद है — जनता के बीच विपक्षी दल की छवि को नुकसान पहुँचाना। JDU जहां RJD को ‘अपराधियों की पार्टी’ बताने की कोशिश कर रही है, वहीं RJD नीतीश सरकार को विफल और हताश बताते हुए सत्ता परिवर्तन की बात कर रही है।
बिहार की राजनीति में ‘नामकरण की राजनीति’ नया नहीं है। कभी ‘जंगलराज’ तो कभी ‘सुशासन बाबू’, इस तरह की लेबलिंग ने हमेशा चुनावी चर्चा को गर्माया है।

Share This Article