सिटी पोस्ट लाइव
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक मंगलवार को राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित की गई, जिसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। बैठक को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और प्रदेश के तमाम बड़े भाजपा नेता, सांसद, विधायक, और पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
राजनाथ सिंह प्रदेश की कार्यसमिति के सदस्यों को संबोधित कर पार्टी की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनाव की तैयारियों पर विचार साझा करेंगे। यह बैठक खास इसलिए भी मानी जा रही है क्योंकि बिहार में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल बज चुका है।
बैठक की शुरुआत में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “हमारी कार्यसमिति बहुत ही अद्भुत है। आज की बैठक में कई अहम निर्णय लिए जाएंगे और माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी हम सबको मार्गदर्शन देंगे।”
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में केंद्र की योजनाओं के प्रचार-प्रसार, संगठन विस्तार, और आगामी रणनीति पर गहन चर्चा की जाएगी। इसके अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। राजनाथ सिंह के संबोधन से पार्टी को आगामी चुनाव को लेकर एक स्पष्ट दिशा मिलने की उम्मीद है।