RCB की जीत के जश्न में भगदड़, 11 की मौत, 33 घायल.

Manisha Kumari

Bengaluru Stampede:

सिटी पोस्ट लाइव : बेंगलुरु में मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई है. 33 लोग घायल हो गए हैं. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत के जश्न के दौरान ये भगदड़ हुई है.आईपीएल 2025 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत पर पूरे कर्नाटक में जश्न मनाया जा रहा है. खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंचे. भीड़ की वजह से स्टेडियम गेट के बाहर भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई है.

कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कहा, “भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 घायल हो गए.” इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है. हादसे को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है. बीजेपी ने हादसे के लिए कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया है.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु भगदड़ पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है. इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हो जाएं.’

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इस त्रासदी के दर्द ने जीत की खुशी को भी खत्म कर दिया है. ऐसी भगदड़ और भीड़ के बेकाबू होने के कारण अप्रिय घटना की आशंका के चलते टीम को विजय परेड में मार्च करने की अनुमति नहीं दी गई थी. हालांकि, स्टेडियम के पास लोगों की भीड़ के कारण मची भगदड़ के कारण यह दुर्घटना हुई. लेकिन कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा कि  “राज्य सरकार को इस त्रासदी की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए. जब ​​पूरा देश और कर्नाटक आरसीबी की जीत का जश्न मना रहा था, तब राज्य सरकार ने बिना किसी पूर्व तैयारी के विजय रैली निकालने की जल्दबाजी की, जिससे यह त्रासदी हुई.

बेंगलुरु में आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष और कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, “ऐसा किसी भी राज्य में हो सकता है.इसके लिए सत्ताधारी पार्टी को दोष नहीं देना चाहिए. इसका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए. भीड़ बहुत ज्यादा थी, मैंने फ्रैंचाइज से बात की, उन्होंने भी नहीं सोचा था कि इतनी बड़ी भीड़ आएगी और यह घटना अचानक हुई. मृतकों के परिवारों को ज़्यादा से ज्यादा मदद देने की कोशिश की जा रही है.”

Share This Article