सिटी पोस्ट लाइव
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद और तेजस्वी यादव के करीबी मनोज झा ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में युवाओं के मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेंगे और उनके लिए एक बड़ा कार्यक्रम लेकर आएंगे। इसे लेकर पूरी तैयारी शुरू कर दी गई है। मनोज झा ने कहा, “चुनाव लड़ने के लिए ब्लूप्रिंट तैयार किया जा रहा है और समय आने पर इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।” उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि “दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा सत्ता में आई है, लेकिन बिहार की स्थिति अलग है। यहां भी 27 साल का इंतजार होगा क्या! हम पूरी तैयारी के साथ चुनाव लड़ने जा रहे हैं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज झा ने कहा,”प्रधानमंत्री को कौन रोक सकता है! वह कुंभ में भी गए थे, लेकिन हम यही चाहते हैं कि जब वह बिहार आएं, तो युवाओं के लिए कुछ न कुछ देकर जाएं।” मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की संभावनाओं पर मनोज झा ने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि “यह पूरी तरह से कयासों का मामला है, इस पर टिप्पणी करने की कोई जरूरत नहीं है।”
मणिपुर के मुख्यमंत्री के इस्तीफे पर उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा,”बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते।” प्रशांत किशोर और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के बीच चल रहे विवाद पर मनोज झा ने कहा कि “यह दोनों का घरेलू मामला है, हम इसमें दखल नहीं देंगे।” राजद के इस ऐलान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि तेजस्वी यादव की युवा नीति क्या रंग लाएगी और क्या बिहार में आगामी चुनाव युवाओं के मुद्दों पर लड़ा जाएगा!