सिटी पोस्ट लाइव
बक्सर। रविवार दोपहर को 33 केवीए के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इजरी श्रीरामपुर मोड़ के पास हुई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने विरोध में बक्सर-इटाढ़ी मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस के हस्तक्षेप और समझाने के बाद जाम हटाया गया। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी गुप्तेश्वर गुप्ता के पुत्र दिलीप गुप्ता के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोर अपने घर की छत पर धूप सेंकने गया था। घर की छत के ऊपर से 33 केवीए का हाईटेंशन तार गुजर रहा था, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने ग्रामीणों में आक्रोश पैदा कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजा और तार को हटाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर इटाढ़ी रेलवे गुमटी पोस्ट के प्रभारी चंदन कुमार और सदर डीएसपी धीरज कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और सदर एसडीएम धीरेंद्र कुमार मिश्र से फोन पर बात कर मदद का आश्वासन दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने लगभग आधे घंटे बाद सड़क जाम खत्म किया।

घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक और कोहराम मच गया। गांव के दर्जनों लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच गए। बिजली विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का गुस्सा गहराता गया।
मुफस्सिल चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर चंदन कुमार ने बताया कि एसडीपीओ के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।