तेजस्वी यादव का जवाब: “लालू जी को झूठे आरोपों से बदनाम करने की साजिश, बाबा साहेब के विचारों को मानते हैं हम”

Deepak Sharma

बाबा साहेब की तस्वीर वाले वीडियो पर दी सफाई, विपक्ष पर लगाया झूठ फैलाने का आरोप

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजनीति में हाल ही में तब हलचल मच गई जब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वे अपने जन्मदिन पर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर को कथित तौर पर पैरों के पास रखे हुए दिखे। इस पर बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने लालू यादव को नोटिस भी जारी किया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इसी मुद्दे पर जब पत्रकारों ने तेजस्वी यादव से सवाल पूछा, तो उन्होंने पूरी मजबूती से अपने पिता का बचाव किया। तेजस्वी यादव ने कहा, “लालू जी 78 साल के हो चुके हैं। उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती, किडनी का ट्रांसप्लांट हो चुका है, फिर भी वे रोज़ 10-10 घंटे जनता से मिलते हैं। ऐसे मेहनती नेता पर इतना नीच, झूठा आरोप लगाना शर्मनाक है।”

तेजस्वी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ये वे लोग हैं जिन्हें ना बाबा साहेब के विचारों से मतलब है, ना संविधान से। “लालू जी ने पूरे बिहार में अंबेडकर जी की मूर्तियाँ लगवाई हैं। वे और हम सब अंबेडकर जी की विचारधारा के सच्चे अनुयायी हैं,” तेजस्वी ने कहा।

जब एक पत्रकार ने तंज कसते हुए पूछा, “AK-47 से केक काटने की बात हो रही है, सत्ता में आकर क्या करेंगे?” तो तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए कहा, “अभी कौन काट रहा है? बड़का झूठा पार्टी है सब। लोगों को गुमराह कर रहे हैं।” तेजस्वी ने दावा किया कि यह सब एक सोची-समझी साजिश है ताकि जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि RJD और उनके नेता हमेशा दलितों, पिछड़ों और गरीबों की आवाज़ रहे हैं, और रहेंगे।

Share This Article