सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में एक बार फिर से मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। ऐसे में कई जिलों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के 5 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आगामी 2 से 3 घंटों के दौरान इन जिलों में भारी वर्षा के साथ तेज़ हवाएं और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार के औरंगाबाद, गया, रोहतास, पूर्णिया और कटिहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भयंकर बारिश को लेकर अलर्ट जारी है। इसके अलावा मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है। भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सीतामढ़ी, अररिया और जमुई में मध्यम स्तर की वर्षा के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई थी। वहीं, लोगों से खुले स्थानों पर नहीं जाने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण राज्य की कई नदियां उफान पर है। गंगा, कोसी, गंडक, पुनपुन, फल्गु समेत कई नदियां रौद्र रूप में है। गंगा नदी कई जिलों में खतरे के निशान को पार कर गई है। इसके साथ ही पटना की बात करें तो, कई घाटों पर नदी का पानी खतरे के लाल निशान से ऊपर बह रहा है। आपदा प्रबंधन की टीम को अलर्ट पहले ही कर दिया गया है। तटीय इलाके में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम भी तैनात है।