सिटी पोस्ट लाइव
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित TRE 3 शिक्षक भर्ती परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों ने मंगलवार को पटना स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में जमकर हंगामा किया। ये अभ्यर्थी अपने TRE 3 सप्लीमेंट्री रिजल्ट की मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने पहुंचे हैं। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए कहा कि वे कई दिनों से लगातार अपनी मांगों को लेकर सरकार और प्रशासन से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला है।
उनका आरोप है कि TRE 3 का मुख्य रिजल्ट जारी होने के बाद सप्लीमेंट्री रिजल्ट में अनावश्यक देरी हो रही है, जिससे हजारों अभ्यर्थी मानसिक और आर्थिक तनाव में हैं। अभ्यर्थी इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, शिक्षा मंत्री और जदयू कार्यालय तक अपनी बात पहुंचा चुके हैं। अब वे अंतिम उम्मीद के रूप में भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भाजपा नेताओं के साथ बैठक में व्यस्त थे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सम्राट चौधरी उनसे मिलकर स्पष्ट आश्वासन नहीं देते, तब तक वे प्रदर्शन जारी रखेंगे। भाजपा कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। इस प्रदर्शन से एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता को लेकर अभ्यर्थियों में गहरा असंतोष व्याप्त है।