हाल ही में संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् को लेकर जोरदार चर्चा देखने को मिली, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। इसी बहस के बीच देशभक्ति से जुड़ा एक और सवाल फिर सुर्खियों में आ गया कि ‘भारत माता की जय’ का नारा सबसे पहले किस मुस्लिम ने दिया था? यह सवाल न सिर्फ इतिहास से जुड़ा है, बल्कि आज के समय में इसकी अहमियत और बढ़ जाती है। आइए जानते हैं इस नारे के पीछे छिपी वह ऐतिहासिक सच्चाई, जिसे जानकर कई लोगों की सोच बदल सकती है।
करीब 165 साल पहले यह जोशीला नारा एक मुस्लिम स्वतंत्रता सेनानी अजीमुल्ला खान की जुबान से निकला था। अजीमुल्ला खान 1857 की आज़ादी की पहली लड़ाई के अहम सूत्रधारों में गिने जाते हैं और उन्हें उस विद्रोह का बड़ा रणनीतिकार माना जाता है। इतिहासकारों के मुताबिक, उन्होंने ही सबसे पहले ‘भारत माता की जय’ को एक देशभक्ति के नारे के रूप में इस्तेमाल किया। इस ऐतिहासिक तथ्य का उल्लेख 2024 में केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी किया था। वहीं, अजीमुल्ला खान, बिठूर में नाना साहब पेशवा द्वितीय के दीवान और भरोसेमंद सलाहकार थे। इंग्लैंड के एक राजनीतिक मिशन के दौरान यूरोपीय राष्ट्रवादी विचारधाराओं से उनका परिचय हुआ, जिसने उनके सोच को नई दिशा दी। भारत लौटने के बाद उन्होंने एक संयुक्त और संगठित विद्रोह की वैचारिक व भावनात्मक जमीन तैयार करने का प्रयास किया। इसी क्रम में ‘भारत माता की जय’ जैसे नारे ने जन्म लिया। कुछ इतिहासकार मानते हैं कि यह उद्घोष उर्दू के वाक्य ‘मादरे-वतन हिंदुस्तान जिंदाबाद’ से प्रेरित था।
1857 के विद्रोह में अजीमुल्ला खान केवल एक नेता नहीं, बल्कि उसके प्रमुख विचारक और रणनीतिक योजनाकार थे। अंग्रेजों द्वारा लंदन में पेशवा की पेंशन याचिका ठुकराए जाने के बाद वे भारत लौटे और उत्तर भारत में घूमकर हालात का आकलन किया। गठबंधनों के जरिए उन्होंने विद्रोही ताकतों को जोड़ा, उपनिवेशवाद विरोधी भावनाएं फैलाईं और आंदोलन को संगठित रूप दिया। उन्होंने हिंदी-उर्दू का क्रांतिकारी अखबार ‘पयाम-ए-आजादी’ शुरू किया, जो ब्रिटिश शासन के खिलाफ मजबूत प्रचार माध्यम बना। भले ही वे तात्या टोपे या रानी लक्ष्मीबाई की तरह मोर्चे पर नहीं दिखे, लेकिन योजना और रणनीति में उनकी भूमिका निर्णायक रही। कानपुर की घेराबंदी के दौरान सर ह्यू व्हीलर से वार्ता सहित कई अहम फैसलों में उन्होंने विद्रोही नेतृत्व का मार्गदर्शन किया।