बिहार में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा: फिनो पेमेंट बैंक के 251 खातों से 5.5 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में साइबर अपराधियों ने एक बड़े और अनोखे तरीके की ठगी को अंजाम दिया है। इस बार अपराधियों ने आम जनता के नहीं, बल्कि एक निजी बैंक के खातों में ही सेंध लगा दी है और करोड़ों रुपए उड़ा लिए हैं। इस मामले का खुलासा होने के बाद राज्य में हड़कंप मच गया है।

साइबर अपराधियों ने फिंगरप्रिंट और आधार की क्लोनिंग कर फिनो पेमेंट बैंक के 17 जिलों में स्थित 251 खातों से कुल 5 करोड़ 58 लाख 46 हजार 844 रुपये की राशि का गबन किया है। यह बिहार में अपनी तरह का पहला मामला है, जिसमें अपराधियों ने सीधे बैंक के सिस्टम में घुसपैठ कर इतनी बड़ी रकम निकाली है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। यह जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि इस बड़े घोटाले में बैंक के भीतर से किन-किन लोगों की मिलीभगत है।

मिली जानकारी के अनुसार, सबसे ज्यादा फर्जीवाड़े की शिकायत अररिया जिले में सामने आई है, जहाँ 140 खातों से करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक की निकासी हुई है। इसके बाद पूर्णिया में 49 और किशनगंज में 25 खातों से धोखाधड़ी की गई है। इसके अलावा, भागलपुर, पूर्वी चंपारण, गया, गोपालगंज, जमुई, कटिहार, खगड़िया, लखीसराय, मधेपुरा, मुंगेर, नवादा, पटना, सुपौल और पश्चिमी चंपारण जैसे जिलों में भी क्लोनिंग के जरिए बड़ी राशि निकाली गई है।

इस घटना ने बैंकिंग सुरक्षा और साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि आर्थिक अपराध इकाई की जांच में क्या कुछ सामने आता है और इन साइबर अपराधियों पर कैसे शिकंजा कसा जाता है।

Share This Article