सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में साइबर अपराध से जुड़ा एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क बेनकाब हुआ है। बिहार पुलिस मुख्यालय से मिली अहम जानकारी के मुताबिक, राज्य के साइबर अपराधी ठगी के जरिए जुटाए गए पैसों को क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से विदेश भेज रहे हैं।
बिनांस ऐप के ज़रिए हो रहा ट्रांजेक्शन : जांच में सामने आया है कि साइबर ठग Binance जैसे क्रिप्टो एक्सचेंज प्लेटफॉर्म के जरिए ठगी के पैसे का निवेश कर रहे हैं, फिर इसे डॉलर में कन्वर्ट करके निकाल रहे हैं। इस पूरे नेटवर्क का कनेक्शन नेपाल और पाकिस्तान से जुड़ा हुआ है।
पूर्वी चंपारण, पूर्णिया और अररिया में सक्रिय नेटवर्क : पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया और अररिया जिलों में साइबर ठगों ने ठगी के पैसों को डॉलर में बदलकर विदेश भेजा है। इस पूरी गतिविधि को बिनांस ऐप और क्रिप्टो वॉलेट्स के जरिए अंजाम दिया जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट, एजेंसियां सतर्क : बिहार पुलिस मुख्यालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इस खुलासे के बाद केंद्रीय जांच एजेंसियां भी हरकत में आ गई हैं।
— NIA (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी)
— ED (प्रवर्तन निदेशालय)
— CBI (केंद्रीय जांच ब्यूरो)
तीनों एजेंसियां अब इस नेटवर्क की परत-दर-परत जांच में जुट गई हैं।
जल्द मोतिहारी पहुंचेगी NIA की टीम : सूत्रों के मुताबिक, NIA की एक विशेष टीम जल्द ही मोतिहारी का दौरा करने वाली है, जहां इस अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह के बड़े सुराग मिलने की संभावना है।
नेपाल में बैठा है मास्टरमाइंड, पाकिस्तान की सिम से बिहार में नेटवर्क : बिहार पुलिस का दावा है कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड नेपाल में बैठा है और वह पाकिस्तानी सिम कार्ड्स के जरिए बिहार में नेटवर्क तैयार कर, ठगी के पैसों को क्रिप्टो करेंसी में बदलकर विदेश भेजने की साजिश को अंजाम दे रहा है।
बिहार में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, क्रिप्टो के ज़रिए विदेश भेजा जा रहा है ठगी का पैसा