सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के अररिया जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और एसएसबी (56वीं वाहिनी) की संयुक्त टीम ने 289 किलो गांजा बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय यादव (उम्र लगभग 39 वर्ष), ग्राम लक्ष्मीपुर, वार्ड संख्या-01 निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने प्रेस वार्ता के माध्यम से इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 25 मई 2025 को कुर्साकांटा थाना और एसएसबी को सूचना मिली थी कि संजय यादव अपने घर में नेपाल से लाया गया गांजा छिपाकर रखे हुए है और उसका अवैध व्यापार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर संजय यादव के घर से 10 बोरियों में छिपाकर रखा गया 289 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त है। फिलहाल, बरामद गांजा की आपूर्ति शृंखला (बैकवर्ड लिंक) और वितरण नेटवर्क (फॉरवर्ड लिंक) की गहन जांच की जा रही है। इस मामले में कुर्साकांटा थाना में कांड संख्या 47/25 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/20 (B)(ii)(c) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस ने साफ किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान और भी सख्ती से जारी रहेगा ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ा जा सके।