CID को जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा के तीन सेंटर पर गड़बड़ी के संकेत मिले

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव
रांची ।
जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा की अब तक हुई सीआईडी जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। सीआईडी की ओर से हाई कोर्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक परीक्षा में गड़बड़ी की दो शिकायतें रांची पुलिस ने दर्ज की थी, जिसे सीआईडी ने टेकओवर करते हुए कांड संख्या 1/2025 और 2/2025 दर्ज की है। इन दोनों मामलों की अब तक हुई जांच में यह बात सामने आयी है कि रांची और धनबाद के तीन परीक्षा सेंटरों को घटनास्थल के रूप में चिह्नित किया गया है।

सीआईडी ने जिन तीन परीक्षा सेंटरों को घटनास्थल के रूप में चिह्नितकिया है, उसमें रांची के माखमन्द्रो स्थित बेथनी कॉन्वेंट हाई स्कूल, धनबाद के राजगंज स्थित कुमार बीएड कॉलेज और धनबाद के बलियापुर स्थित यूपीजी हाईस्कूल शामिल है। हाई कोर्ट में सीआईडी ने यह भी जानकारी दी है कि अब तक इस मामले में केस दर्ज करवाने वाले अभ्यर्थी समेत 9 लोगों से पूछताछ की है और सभी लोगों का बयान दर्ज किया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सीआईडी ने इस केस से जुड़े लोगों के 9 मोबाईल फोन भी जब्त किये हैं जिनका एफएसएल जांच कराई जायेगी। मामले की जांच शुरू होने के बाद से अब तक सीआईडी को व्हाट्सप और फोन के जरिए 30 सूचनाएं मिली है, जिनमे सूचना देने वाले कई संदिग्ध अभ्यर्थी भी है। इसके अलावा सीआईडी को 24 ईमेल भी मिले हैं जिसमें परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायत की गई है। सीआईडी के केस टेकओवर करने के बाद सीआईडी ने एसआईटी का गठन किया है जिसमें डीआईजी संध्या रानी मेहता, सीआईडी की एसपी निधि द्विवेदी और रांची के ग्रामीण एसपी सुमित अग्रवाल समेत डीएसपी अमर कुमार पांडेय एवं मुन्ना प्रसाद गुप्ता शामिल हैं।

Share This Article