सिटी पोस्ट लाइव
मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र के अकसपुरा गांव में बीती रात हथियारबंद डकैतों ने आतंक मचा दिया। करीब छह की संख्या में आए बेखौफ डकैतों ने गांव के तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान लूट लिए। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित शत्रुघ्न चौधरी की बहू ज्योति चौधरी के अनुसार, डकैत रात लगभग डेढ़ बजे दीवार फांदकर घर में घुसे और आंगन की लाइट जला दी। जैसे ही घरवालों की आंख खुली, हथियारबंद डकैतों ने उनके पुत्र और पुत्री पर पिस्टल तान दी। डरे-सहमे परिवार ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन डकैतों ने उन्हें मारपीट कर चुप करा दिया। डकैतों ने अलमारी की चाबी मांगी और उसमें रखे करीब 10 लाख रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
इसी दौरान डकैतों ने दिनेश चौधरी के घर में भी लूटपाट की। विरोध करने पर दिनेश चौधरी की बेरहमी से पिटाई की गई और उनकी पोती के गले से सोने की चेन और मोबाइल फोन लूट लिया गया। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे डकैत आराम से फरार हो गए।
घटना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और रहिका थाना अध्यक्ष को तत्काल टीम गठित कर त्वरित जांच और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम की मांग की है।