गोपालगंज में इंसानियत शर्मसार: 20 माह की मासूम से दुष्कर्म, खिलौना देने के बहाने ले जाकर आरोपी ने की दरिंदगी

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के गोपालगंज जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ एक 20 माह की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया गया। सोमवार की देर शाम शहर के एक मोहल्ले में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है। आरोपी युवक ने बच्ची को घर के बरामदे में अकेले खेलते देख उसे गोद में उठाया और अपने कमरे में ले जाकर इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया।

खेलने के बहाने ले गया, फिर की दरिंदगी
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के कीरतपुर निवासी मो. सारिक के रूप में हुई है, जो यहाँ किराए के मकान में रहता था। घटना के वक्त पीड़िता की मां उसे दूध पिलाकर घर के बरामदे में खेलने के लिए छोड़कर अंदर गई थी। इसी बीच आरोपी ने मासूम को अकेला पाकर उसे खिलाने के बहाने गोद में उठा लिया। वह उसे अपने कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मां ने सुनी चीख, खून से लथपथ मिली मासूम
जब बच्ची के रोने और चीखने की आवाज सुनाई दी, तो मां बदहवास होकर कमरे की ओर दौड़ी। वहां का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई; उसकी 20 माह की बच्ची खून से लथपथ पड़ी थी। मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी सारिक को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी।

पुलिस की कार्रवाई और FSL की जांच
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तुरंत बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं।

गोपालगंज के एसपी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है और स्पीडी ट्रायल के जरिए उसे कड़ी सजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इस घटना ने एक बार फिर बिहार में बच्चों की सुरक्षा और बढ़ते अपराधों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article