सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के नवादा जिले के भदसैनी गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां पांच डिसमिल जमीन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच तनाव खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। यह घटना गुरुवार को हुई, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं। आरोप है कि भूषण सिंह ने अपने छह साथियों के साथ मिलकर अपने ही भाई भेगु सिंह, उनकी पत्नी रेणु देवी और बेटी लुसी कुमारी पर लाठी-डंडों से बर्बर हमला कर दिया। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले हिसुआ अस्पताल ले जाया गया और स्थिति बिगड़ने पर उन्हें नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया।
पीड़ित भेगु सिंह के अनुसार, यह विवाद पांच डिसमिल जमीन को लेकर वर्षों से चला आ रहा है। पंचायत के स्तर पर विवाद का समाधान निकालने की कोशिश भी की गई थी, लेकिन भूषण सिंह ने पंचायत के फैसले को मानने से इनकार कर दिया। बताया गया कि पहले बंटवारे में भूषण को अतिरिक्त जमीन मिली थी, लेकिन अब वह भेगु सिंह की जमीन से रास्ता निकालने की ज़िद कर रहा है। जब विरोध किया गया, तो हिंसक हमला कर दिया गया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित परिवार ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि “घटना की सूचना मिली है, जैसे ही पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त होगा, मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर प्रशासन सख्ती न बरते, तो स्थिति और बिगड़ सकती है।