घुसपैठ की कोशिश नाकाम, SSB ने किया गिरफ्तार– सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
सिटी पोस्ट लाइव
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बार फिर सतर्कता का परिचय देते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को अवैध घुसपैठ की कोशिश करते हुए धर दबोचा। पकड़े गए युवक की पहचान सैय्यद इकबाल अहमद, पिता सैय्यद सफीकुड़ रहमान, निवासी कुम्मीला, ढाका, बांग्लादेश के रूप में हुई है। उसे SSB (सशस्त्र सीमा बल) की टीम ने रक्सौल बॉर्डर पर गिरफ्तार किया।
पकड़े गए युवक के पास भारतीय वीजा नहीं था, और वह नेपाल के वीरगंज होते हुए अवैध तरीके से रक्सौल बॉर्डर पार कर भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में इकबाल ने बताया कि वह पहले ढाका से काठमांडू, फिर वीरगंज होते हुए रक्सौल पहुंचा था। उसका अगला गंतव्य देवबंद (उत्तर प्रदेश) था, जहां वह दारुल उलूम मदरसे में एक बांग्लादेशी शिक्षक जुबेर के संपर्क में था और वहीं रुकने की योजना थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह आगे अजमेर जाने की योजना बना रहा था।
इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने रक्सौल समेत पूरे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रख दिया है। उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से रक्सौल बॉर्डर पर लगातार चौकसी बढ़ा दी गई है। पिछले डेढ़ महीने में एक दर्जन से अधिक विदेशी नागरिकों को अवैध घुसपैठ के प्रयास में गिरफ्तार किया गया है, जिनमें बांग्लादेशी और चीनी नागरिक शामिल हैं।
SSB और खुफिया एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूछताछ कर रही हैं कि सैय्यद इकबाल का भारत आने का असली मकसद क्या था और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। फिलहाल आरोपी को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है और उससे लगातार पूछताछ जारी है।