गुमशुदा किशोर सौरभ सकुशल मिला, 10 वर्षीय बच्चे ने भेजा था फिरौती का मैसेज

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा ज़िले के लहेरी थाना क्षेत्र से लापता हुए 15 वर्षीय किशोर सौरभ कुमार उर्फ भोला को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। सौरभ 6 जून को कोचिंग के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों की ओर से गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में सौरभ एक बस में चढ़ता हुआ दिखाई दिया। इसी बीच, सौरभ के पिता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया, जिसमें 10 लाख रुपये की फिरौती और मोबाइल रिचार्ज की मांग की गई थी। यह मामला और भी गंभीर हो गया जब फिरौती की मांग सामने आई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

तकनीकी जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह संदेश जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र निवासी मात्र 10 साल के एक बच्चे ने भेजा था। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि उसने फेसबुक पर सौरभ की गुमशुदगी से जुड़ी पोस्ट देखी थी और पैसे के लालच में यह हरकत कर दी।

लहेरी थाना प्रभारी ने बताया कि सौरभ घूमने के इरादे से खुद ही मुंबई चला गया था और फिर 11 जून, मंगलवार को वापस लौट आया। पुलिस ने परिजनों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की मोबाइल गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। यह मामला बताता है कि किस तरह सोशल मीडिया और मोबाइल का अनुचित उपयोग गंभीर परिणाम ला सकता है, विशेष रूप से नाबालिग बच्चों के लिए।

Share This Article