विशेष निगरानी अदालत ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया, देशभर में फैली संपत्तियों पर गिरा कानून का डंडा
सिटी पोस्ट लाइव
पटना भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी अदालत ने रजिस्ट्रेशन विभाग के रिटायर्ड एआईजी अजय कृष्णा मिश्रा की 2 करोड़ 81 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया है। लोक अभियोजक राजेश कुमार ने बताया कि यह आदेश निगरानी कोर्ट ने भ्रष्टाचार से अर्जित अवैध संपत्ति को जब्त करने के तहत दिया है।
कोर्ट ने पटना के डीएम को निर्देश दिया है कि वे 30 दिनों के भीतर संबंधित संपत्तियां जब्त कर निगरानी विभाग को सुपुर्द करें। यदि संपत्ति की सुपुर्दगी में कोई बाधा आती है, तो डीएम खुद जब्ती की कार्रवाई करेंगे।
जब्त की जा रही संपत्तियों में गाजियाबाद में दो फ्लैट, मुंबई और बेंगलुरु में एक-एक फ्लैट, पटना में दो फ्लैट और एक दुकान, दरभंगा में दो मकान, राजीव नगर (पटना) में एक मकान और कई अन्य स्थानों पर भूखंड शामिल हैं। साथ ही एफडी, केबीसी और अन्य वित्तीय निवेश भी जब्त किए जाएंगे।
यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ बिहार सरकार की निगरानी एजेंसी की सक्रियता को दर्शाती है और यह संकेत देती है कि सेवा में रहते हुए किए गए गैरकानूनी कमाई अब सेवानिवृत्त जीवन में भी सुकून नहीं देने वाली।