मोतिहारी में रफ्तार का कहर: बेकाबू ट्रक ने 6 गाड़ियों को रौंदा, 5 लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत, हाइवे पर मचा कोहराम

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी-गोपालगंज नेशनल हाइवे पर रविवार (30 नवंबर) की दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा कोटवा थाना क्षेत्र के दिपऊ मोड़ के पास तब हुआ, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने एक साथ छह गाड़ियों को रौंद दिया।

जानकारी के अनुसार, बेकाबू ट्रक की चपेट में पांच मोटरसाइकिल (बाइक) और एक ई-रिक्शा आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और ई-रिक्शा पर सवार पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कई बाइकें ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गईं और गाड़ियों का मलबा सड़क पर बिखर गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मौके पर मौत, घायलों की हालत नाजुक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की टक्कर इतनी भयानक थी कि दुर्घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर के बाद बाइक और ई-रिक्शा में सवार यात्रियों का सामान नेशनल हाइवे पर दूर-दूर तक बिखरा पड़ा था। हादसे में घायल हुए छह लोगों को स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि घायलों में से कई की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

गुस्साए लोगों ने किया हाइवे जाम
इस भीषण दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। आक्रोशित भीड़ ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मोतिहारी-गोपालगंज नेशनल हाइवे को पूरी तरह से जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि हाइवे पर बेलगाम रफ्तार से चलने वाले भारी वाहनों पर प्रशासन कोई नियंत्रण नहीं कर पा रहा है, जिसका खामियाजा आए दिन निर्दोष लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

हाइवे जाम होने की सूचना मिलते ही कोटवा थाना की पुलिस टीम दलबल के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद जाम को हटवाया। फिलहाल, नेशनल हाइवे पर यातायात (ट्रैफिक) सुचारू रूप से चल रहा है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Share This Article