अवैध हथियार के साथ पंचायती करने पहुंचे दो गिरफ्तार, स्कॉर्पियो से देसी कट्टा बरामद

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
भवानीपुर थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायती में अवैध हथियार लेकर पहुंचे दो लोगों को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान तीन अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के निवासी अमरेंद्र शर्मा के पुत्र मृत्युंजय और स्कॉर्पियो चालक सुरेंद्र शर्मा के पुत्र सुमित शर्मा के रूप में हुई है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मिली जानकारी के अनुसार, यह विवाद मनोहरपुर निवासी जयप्रकाश शर्मा की बेटी और दामाद के बीच का था। इसी विवाद को निपटाने के लिए एक पंचायती का आयोजन किया गया था। इस पंचायती में खगड़िया और भवानीपुर के कुछ लोग एक स्कॉर्पियो में सवार होकर पहुंचे थे, और सबसे चौंकाने वाली बात यह कि उनके पास अवैध हथियार भी थे।

पंचायती के दौरान बात-विवाद तेजी से बढ़ा और जल्द ही गाली-गलौज तक पहुँच गया। स्थिति मारपीट में बदलने ही वाली थी कि किसी ने इसकी गुप्त सूचना तुरंत पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही भवानीपुर के गश्ती पदाधिकारी पीटीसी दीपक कुमार फौरन मौके पर पहुँचे। पुलिस को देखते ही स्कॉर्पियो में बैठे सभी लोग भागने लगे। पुलिस को शक हुआ और उन्होंने चालक सहित एक अन्य युवक को धर दबोचा।

पुलिस द्वारा स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जब पुलिस ने गिरफ्तार लोगों से स्कॉर्पियो के कागजात मांगे तो उन्होंने प्रस्तुत कर दिए, लेकिन अवैध हथियार का कोई वैध कागजात नहीं दे सके।

भवानीपुर थाना के एडिशनल एसएचओ हरिश्चंद्र उपाध्याय ने बताया कि गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने देसी कट्टा, स्कॉर्पियो और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है। पुलिस फरार हुए अन्य तीन आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Share This Article