सिटी पोस्ट लाइव
पटना। बिहार की राजधानी पटना में शीतलहर और ठंड के मद्देनजर सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। 31 जनवरी को जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने इस संबंध में एक आदेश जारी किया। इस आदेश में बताया गया कि सुबह 8:30 बजे से पहले और शाम 3:30 बजे के बाद स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां नहीं होंगी।

पटना डीएम ने जारी किया आदेश
पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने अपने आदेश में कहा, “इस समय जिले में ठंड और कम तापमान की स्थिति बनी हुई है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। इसी कारण, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत पटना जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों (प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों सहित) में कक्षाओं के लिए शैक्षणिक गतिविधियों पर सुबह 8:30 बजे से पहले और शाम 3:30 बजे के बाद रोक लगाई जाती है। स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया जाता है कि वे इस आदेश के अनुसार शैक्षणिक गतिविधियों का पुनर्निर्धारण करेंगे। प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं के लिए चलने वाली विशेष कक्षाएं या परीक्षाएं इससे मुक्त रहेंगी। यह आदेश 1 फरवरी से 8 फरवरी तक पटना जिले में लागू रहेगा।”
बिहार के 12 जिलों में घने कुहासे का अलर्ट
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के 12 जिलों में घने कुहासे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया और कटिहार शामिल हैं।