डेढ़ माह बाद जर्मन हैंगर रैन बसेरा को मिलेगा शौचालय और पानी

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

डुमरांव। डुमरांव शहर में यात्रियों और मरीजों के अभिभावकों के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा डे-नुलम मद से डेढ़ महीने पहले जर्मन हेंगर अस्थायी आश्रय स्थल का निर्माण किया गया था। इस आश्रय स्थल में केवल सोने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन अन्य कोई सुविधाएं नहीं थी। इसके कारण, शुरूआत में कुछ लोग यहां रुके थे, लेकिन बाद में असुविधाओं के कारण कोई भी लंबे समय तक ठहरना नहीं चाहता था।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अब नगर परिषद ने शौचालय और पानी की व्यवस्था करने के लिए संवेदक अशोक कुमार पर दबाव डालते हुए भुगतान रोक दिया है। जानकारी के मुताबिक, रैन बसेरे के निर्माण के लिए 40 लाख रुपये की प्राकलित राशि थी, जिसमें 31 लाख 11 हजार रुपये का एकरारनामा हुआ था। इस दबाव के बाद, बुधवार से संवेदक ने शौचालय का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है और पानी की व्यवस्था भी करने की योजना बनाई है।

इस संबंध में जब अनुमंडलीय अस्पताल के डीएस डॉ. गिरीश कुमार सिंह से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि अस्पताल को इस काम से कोई लेना-देना नहीं है और न ही इस बारे में हमें कोई जानकारी दी गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रखंड कार्यालय परिसर में तो कोई भी ठहरने नहीं आता। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह रैन बसेरा स्टेशन के पास होता, तो यात्रियों और रिक्शा-टेम्पो चालकों को ज्यादा फायदा होता।

Share This Article