सिटी पोस्ट लाइव :अपने समर्थक के जरिये खुद को धमकी दिलवाने के आरोप लगाने के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने पित्र बदल दिया है. पूर्णिया एसपी कार्तिकेय शर्मा के खुलासे से भड़के पप्पू यादव ने दावा कर दिया है कि अगर उनपर लगे आरोप सही साबित हुए तो वो इस्तीफा दे देंगे. पप्पू यादव ने यह भी कहा है कि मेरा चरित्र सुरक्षा लेने का कभी नहीं रहा है. उन्होंने कहा कि, ‘मैंने 24 फोन नंबर डीजी को भेजे हैं. कभी पाकिस्तान, कभी मलेशिया तो कभी नेपाल से फोन आए. इन सभी नंबरों की जांच रिपोर्ट कहां है? इसके बारे आज तक पुलिस ने खुलासा क्यों नहीं किया.पप्पू यादव ने कहा कि उन्हें लगातार जेल से भी मारने की धमकी दी गई लेकिन इसके बारे में भी पुलिस ने खुलासा नहीं किया है.आखिर क्यों? आपके प्रशासन को डर क्यूं है?’
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि मैं सात बार का सांसद हूं. पूर्णिया की जनता और बिहार की जनता काफी है. मैं लगातार कई दिनों तक जंगल में घूमता हूं. मैं बिना सुरक्षा के महाराष्ट्र गया था. मैं दिल्ली में हूं, कोई सुरक्षा है क्या? जिसको मारना होगा मार देगा. आपको क्या चिंता है. आप चिंता मत करिए. मैं मरने को तैयार हूं.पप्पू यादव ने इस मामले में CBI जांच करवाने की मांग करते हुए कहा कि ‘अगर मैंने जिंदगी में सुरक्षा लेने के लिए ऐसी हरकत करूंगा तो मैं कल(4 दिसंबर) को इस्तीफा दे दूंगा.जिसको जीवन में कभी डर नहीं लगा वो सुरक्षा के लिए भीख मांगेगा. मैं सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के जज की निगरानी में सीबीआई जांच चाहता हूं. मुझे बिहार सरकार की पुलिस पर भरोसा नहीं है. प्लीज…अगर हिम्मत है तो सीबीआई से जांच करवा कर देख लीजिए.’
पुलिस ने बताया कि पप्पू यादव को धमकी मामले में भोजपुर जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. उसने पूछताछ में कबूल किया है कि सांसद के कुछ करीबी लोगों द्वारा ही उन्हें धमकी देने का खेल खेला गया. धमकी देने के पीछे मूल मकसद पप्पू यादव को सुरक्षा प्रदान कराने के लिए दबाव बनाया था. इसलिए यह षड्यंत्र रचा गया और बार बार धमकी दी गई. इसके लिए सांसद के करीबी लोगों ने धमकी देने वाले शख्स को 2000 रुपए भी दिए थे.पुलिस खुलासे के बाद ही बिहार की सियासी हलचल तेज हो गई है. पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने धमकी मामले में पप्पू यादव की भूमिका की जांच करवाने की मांग कर दी है.