सिटी पोस्ट लाइव
बेगूसराय: प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा लड़कियों के कपड़े पहनने के बयान पर सियासी पारा चढ़ गया है। इस बयान के बाद जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। बेगूसराय में छात्र-छात्राओं ने नीतीश कुमार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। एएसएफ के छात्र-छात्राओं ने महिला कॉलेज के पास पुतला दहन किया और विरोधस्वरूप मुख्यमंत्री के पुतले पर ओढ़नी भेंट की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नीतीश कुमार को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। छात्राओं ने मुख्यमंत्री को निशाना बनाते हुए कहा कि “नीतीश कुमार अब बूढ़े हो गए हैं, उनका दिमाग काम नहीं कर रहा है।”
उन्होंने कहा कि “आज से पहले क्या लड़कियां कपड़ा नहीं पहनती थीं, क्या वे बिना कपड़ों के रहती थीं?” प्रदर्शनकारी छात्राओं का आरोप था कि मुख्यमंत्री का बयान बेहद अपमानजनक है और इसके लिए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर मुख्यमंत्री माफी नहीं मांगते, तो उनका विरोध लगातार जारी रहेगा। इस विरोध में नेहा कुमारी और ईसा कुमारी समेत कई छात्राओं ने अपनी आवाज उठाई। यह मामला अब बिहार की राजनीति में तूल पकड़ता जा रहा है, और प्रदर्शनकारी छात्राओं का कहना है कि अगर नीतीश कुमार ने माफी नहीं मांगी, तो उनका आंदोलन और तेज होगा।
वहीं प्रदर्शनकारियों ने कहा कि,”नीतीश कुमार के बयान ने हम सभी की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। हमें उम्मीद है कि वह माफी मांगेंगे, नहीं तो हमारा विरोध बढ़ेगा।” प्रदर्शनकारी नेहा कुमारी ने कहा कि,”हमारा जमाना बहुत बेहतर था, तब महिलाओं का सम्मान था, पर अब उनका अपमान किया जा रहा है। नीतीश जी को माफी मांगनी चाहिए।” ईसा कुमारी ने कहा,”नीतीश कुमार को यह समझना चाहिए कि इस बयान से लाखों छात्राओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। हम सबकी आवाज उठेगी।”