बेतिया में निलंबित डीईओ के ठिकानों पर करोड़ों की संपत्ति का खुलासा, नोट गिनने मशीनें मंगाई गई

Manisha Kumari

बेतिया: बेतिया के निलंबित जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनीकांत प्रवीण के ठिकानों पर हुई छापेमारी में एक बड़ी वित्तीय अनियमितता का खुलासा हुआ है। छापेमारी में उन्‍होंने अकूत संपत्ति अर्जित की थी, जो कि प्राथमिक जांच में सामने आए आरोपों से कहीं ज्यादा है। कल रात तक की छापेमारी में इनकी संपत्ति की जो जानकारी सामने आई है, उसे जानकर हर कोई हैरान रह गया है। तलाशी के दौरान कई बैग और बोरे में बंद कैश और जमीन के कागजात बरामद हुए हैं। छापेमारी अभी जारी है, और अब तक बेतिया स्थित उनके घर से एक करोड़ रुपये से अधिक नगद और 40 लाख रुपये की अचल संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए हैं।

तलाशी के दौरान मिली बड़ी मात्रा में नकद राशि को गिनने के लिए SVU अधिकारियों को बैंक कर्मचारियों की मदद लेनी पड़ी। इसके साथ ही, इंडियन ओवरसीज बैंक, PNB और SBI से नोट गिनने के लिए मशीनें मंगाई गईं। लगभग एक करोड़ रुपये की गिनती हो चुकी है, और अब भी अन्य स्थानों पर छापेमारी जारी है, जहां और संपत्ति मिलने की संभावना है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

रजनीकांत प्रवीण और उनकी पत्नी सुषमा कुमारी के नाम से पटना, दरभंगा, शेखपुरा, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, और अन्य स्थानों पर जमीन, आवासीय फ्लैट, कृषि योग्य भूमि और व्यवसायिक भूमि मौजूद है। इसके अलावा, इनकी पत्नी के नाम पर कई संपत्तियाँ और उनकी 10 बैंक लॉकर भी हैं, जिनमें भारी निवेश किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि रजनीकांत प्रवीण द्वारा खोला गया ‘Open Mind Birla School’ उनके द्वारा खरीदी गई ज़मीन पर स्थित है।

इस बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा करते हुए अधिकारियों ने कहा कि यह संपत्ति उनकी अधिकृत आय से कहीं ज्यादा है। इसके अलावा, उनके द्वारा अर्जित किए गए लाखों रुपये के जेवरात का मूल्यांकन भी किया जा रहा है। उनके और उनकी पत्नी के नाम पर कई बैंकों में एफडी, लॉकर और अन्य निवेश के प्रमाण मिले हैं, जिनका भी गहन अध्ययन किया जाएगा।

Share This Article