सिटी पोस्ट लाइव
सरिया (गिरिडीह)। सरिया स्थित रेलवे फाटक 20 बी (3 टी) के पास रांची-दुमका मुख्य मार्ग पर इन दिनों रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण का कार्य चल रहा है। परंतु संवेदक की लापरवाही के कारण उत्पन हो रही समस्या के निराकरण को लेकर एस डी एम संतोष गुप्ता की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ सोमवार को एक बैठक आयोजित किया गया। बैठक के पश्चात अधिकारियों ने कार्य स्थल का भी निरीक्षण किया। जिसके बाद रेलवे विभाग के संबंधित अधिकारियों तथा संवेदक को एसडीएम संतोष गुप्ता द्वारा कई निर्देश भी दिया गया।
इस बैठक को लेकर एसडीएम ने कहा कि सरिया बाजार के लोगों एवं आम लोगों के द्वारा बार-बार जन शिकायत प्राप्त हो रही थी। जिसमें कार्य स्थल पर संवेदक के द्वारा मनमाने ढंग से कार्य किए जाने,सड़क जाम समेत कई आरोप लगाए जा रहे थे। जिसे लेकर कार्यालय कक्ष में रेलवे के इंजीनियर, संवेदक के प्रतिनिधि, रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास अधिकारी आदि के साथ बैठक कर कई निर्देश दिए।
जिसमें संवेदक द्वारा बायपास सड़क को आवागमन के योग्य बनाने, कोई भी गाड़ी इत्यादि खराब होने पर उसे स्थानीय प्रशासन द्वारा सहयोग करने,आवागमन के मध्य यातायात व्यवस्था सुचारू रखने हेतु संवेदक द्वारा यूनिफॉर्म में स्टाफ को लेवल क्रॉसिंग के दोनों तरफ सहयोग के लिए प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया गया। जारी कार्य को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। सड़क में निर्माण कार्य के दौरान हो रहे गड्ढे इत्यादि को अविलंब घेरने तथा रेडियम स्टिकर लगाने का निर्देश दिया गया।
सड़क के दोनों तरफ के अवैध अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया गया। जिससे कि यातायात सुचारू रूप से चल सके। रेलवे आरपीएफ को भी क्रॉसिंग में यातयात व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु तीन पालियों में प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया गया। वहीं कार्यस्थल पर जा कर निर्माण कार्य का जांच भी किए।
जांच में मिली कई गड़बड़ियां
एस डी एम समेत अन्य अधिकारियों के द्वारा जांच के क्रम में कई गड़बड़ियां सामने देखने को मिली। जिसमें निर्माण कार्य स्थल पर पिलर के लिए लगभग 50 फीट गड्ढा खोद कर बैगर सुरक्षा घेरा या बेरीकेटिंग किए छोड़ देना। नाली का स्लैब टूटा हुआ होना, खुले में सरिया (लोहे की छड़) रखना, डायवर्सन मार्ग में कुव्यवस्था, बिजली पोल, ट्रांसफार्मर बीच मार्ग में होना आदि जैसी गड़बड़ी सामने दिखी.जिस पर जल्द इसमें सुधार का निर्देश दिया गया।