सिटी पोस्ट लाइव
पटना: प्रशांत किशोर ने दलित समाज के उत्थान के लिए जन सुराज का बड़ा ऐलान किया है। बिहार सत्याग्रह आश्रम में आयोजित जन सुराज अंबेडकर संवाद कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने दलित समुदाय के लिए पांच बड़े वादों का खुलासा किया। प्रशांत किशोर ने कहा कि जब जन सुराज सत्ता में आएगा तो वह दलित समाज के उत्थान के लिए ठोस कदम उठाएगा। पहले वादे के तहत उन्होंने कहा कि सिर्फ 3% दलित के बच्चे 12 वीं पास कर रहे है। जो भी दलित छात्र 10वीं पास करेगा और 50% से अधिक अंक लाएगा, उसे 2000 रुपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति मिलेगी, और मौजूदा अंबेडकर छात्रावास का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
दूसरे वादे में, जन सुराज का लक्ष्य अगले तीन साल में 100% भूमिहीन दलित परिवारों को 3 डिसमिल जमीन देना है। तीसरे वादे के तहत, दलितों को खेती से जोड़ने के लिए सरकारी जमीन लीज पर दी जाएगी। चौथे वादे के मुताबिक, दलित युवाओं को स्वरोजगार के लिए सरकारी गारंटी पर पूंजी दी जाएगी। अंतिम वादा यह है कि दलित समुदाय की आबादी वाले गैर-आरक्षित सीटों पर दलित उम्मीदवारों को टिकट मिलेगा।
प्रशांत किशोर ने अपने इस विजन को दलित समाज के लिए एक नई उम्मीद और अवसर के रूप में प्रस्तुत किया है। उनका कहना है कि जन सुराज में दलित समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह पांच कदम महत्वपूर्ण हैं। यह ऐलान दलित समाज के लिए एक मजबूत और स्वतंत्र भविष्य की ओर बढ़ने का रास्ता खोलने वाला साबित हो सकता है।