बिहार विधानसभा का बजट सत्र 28 फरवरी से शुरू, 3 मार्च को पेश होगा बजट

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव 

पटना: बिहार विधानसभा का बजट सत्र 28 फरवरी से शुरू होगा और यह 28 मार्च तक चलेगा। यह निर्णय नीतीश कैबिनेट ने कल शाम लिया, जिसके बाद इसे राजपाल के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है। सत्र की शुरुआत राजपाल के अभिभाषण से होगी, जिसके बाद 3 मार्च को उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री सम्राट चौधरी बिहार का बजट पेश करेंगे। इस बजट सत्र में कुल 21 बैठकें होंगी, जिसमें राजपाल विधानसभा के विस्तारित भवन में दोनों सदनों को संबोधित करेंगे। 

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बजट सत्र के पहले दिन, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान विधानसभा के विस्तारित भवन के सेंट्रल हॉल में विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। अपने अभिभाषण में वे एनडीए सरकार की भविष्य की योजनाओं, अब तक राज्य में हुए विकास कार्यों और चालू योजनाओं की विस्तार से जानकारी देंगे। इसी दिन आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट भी सदन में प्रस्तुत की जाएगी। 

मंगलवार को हुई नीतीश कैबिनेट बैठक में कुल 136 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित 13,142.13 करोड़ रुपये की 82 योजनाओं को हरी झंडी दे दी गई। इसके अलावा, 54 अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली। कैबिनेट ने राजगीर में महिला विश्व कप कबड्डी चैंपियनशिप और पटना में महिला एवं पुरुष सेपकटाकरा विश्व कप के आयोजन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी। इन आयोजनों से खेल को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ बिहार की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान को मजबूती मिलेगी।

Share This Article