रेल मंत्री का बिहार दौरा आज, रेलवे को मिलेगी करोड़ों की सौगात

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज बिहार दौरे पर आ रहे हैं। यह दौरा रेलवे बजट के बाद बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे रविवार को गोरखपुर से ट्रेन के माध्यम से बेतिया पहुंचेंगे। वहां वे आरओबी (सड़क ऊपरी पुल) का उद्घाटन करेंगे और भाजपा सांसदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसके बाद वे ट्रेन से पटना रवाना होंगे और रात में विमान से दिल्ली लौट जाएंगे। बतौर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का यह पहला बिहार दौरा होगा। वे सांसद डॉ. संजय जायसवाल के आमंत्रण पर बिहार आ रहे हैं। बेतिया में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दूबे, बिहार की पशुपालन मंत्री रेणु देवी, सांसद सुनील कुमार और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

रेल मंत्री दोपहर 2 बजे बेतिया में कुमारबाग और बेतिया स्टेशन के मध्य स्थित समपार संख्या-02 पर बने नए आरओबी का उद्घाटन करेंगे। यह 103 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है और इसके चालू होने से बेतिया शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी। इस परियोजना के तहत बेतिया-लौरिया लेन का उद्घाटन मार्च 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। वहीं मैनाटांड और नरकटियागंज लेन को मई 2024 में शुरू किया गया था। जनवरी 2025 में आरओबी का शेष भाग पूरा किया गया और अब इसे पूरी तरह चालू किया जा रहा है। 

इस पुल के शुरू होने से शहर में आवागमन तेज और सुगम होगा, साथ ही रेलवे यातायात भी बढ़ेगा। रेल मंत्री बेतिया से ट्रेन द्वारा पटना जाएंगे। यात्रा के दौरान वे विंडो ट्रेलिंग (ट्रेन से निरीक्षण) करेंगे और इलाके में रेलवे से जुड़े विकास कार्यों का जायजा लेंगे। पटना पहुंचने के बाद वे सीधे विमान से रात 9 बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे। इस दौरे को लेकर पूर्व मध्य रेलवे की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। रेल मंत्री का यह दौरा बिहार में रेलवे विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है। 

Share This Article