सिटी पोस्ट लाइव
प्रयागराज: महाकुंभ क्षेत्र के वीआईपी घाट पर एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां नाविकों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया और उनकी कीमती सोने की चेन लूट ली। यह घटना 12 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे की है। प्रयागराज में 36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर वाराणसी के सिपाही अमित कुमार सिंह वर्तमान में वीआईपी घाट जेटी पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर नौका संचालन बंद था। इसी दौरान कई निजी नाविक जेटी पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। जब पुलिसकर्मी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, तो भीड़ उत्तेजित हो गई और उन्होंने सिपाही पर हमला बोल दिया।
हमले के दौरान चार नामजद आरोपियों सहित 10-15 अन्य अज्ञात नाविकों ने सिपाही के साथ मारपीट की। इस दौरान उन्होंने गले से 26.690 ग्राम (22 कैरेट) की सोने की चेन छीन ली और जान से मारने की धमकी दी। नाविकों ने सिपाही को जबरन यमुना नदी में धकेलने की भी धमकी दी। इस हमले में शामिल चार नामजद आरोपियों की पहचान हो चुकी है। इनमें अरैल निवासी सन्नी निषाद, कंजसा निवासी रितेश, अरैल निवासी पिंटू चौधरी और उसका छोटा भाई शामिल हैं। इसके अलावा 10-15 अन्य अज्ञात नाविकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
सिपाही अमित कुमार सिंह ने बताया कि भीड़ बेहद उग्र थी और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रही थी। जब उन्होंने सुरक्षा कारणों से जेटी खाली करने को कहा, तो नाविकों ने उन पर हमला कर दिया। उनकी जान बचाने के लिए ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिस अधिकारियों को बीच-बचाव करना पड़ा। थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि सिपाही की शिकायत पर केस नंबर 191/25 दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही सबूतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई करेगी।