मोकामा में सिक्योरिटी गार्ड की हत्या, दो गिरफ्तार, दो अब भी फरार!

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

मोकामा: मोकामा के बाटा में तैनात सिक्योरिटी गार्ड प्रेम पासवान (60 वर्ष) की 3 फरवरी को गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। अब इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों मो. कल्लू (40 वर्ष) और निशांत राज उर्फ कारू (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। 

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

एएसपी राकेश कुमार ने बताया कि 3 फरवरी को हाथीदह थाना को सूचना मिली थी कि दरियापुर गांव के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत जांच शुरू की। घटनास्थल की बारीकी से जांच करने के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को बुलाया गया। तलाशी के दौरान एक घर के पास से लोडेड पिस्टल और एक अन्य घर से खून के निशान बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने मो. कल्लू को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद पूरी सच्चाई सामने आ गई। 

पूछताछ में मो. कल्लू ने स्वीकार किया कि हत्या के पीछे एक मामूली विवाद था। उसने बताया कि दिन में मृतक प्रेम पासवान से उनका झगड़ा हुआ था। शाम को मो. कल्लू, मोन्टी और जेस्सी मिलकर एक घर में ताड़ी पी रहे थे, तभी प्रेम पासवान वहां पहुंच गए और फिर से बहस शुरू हो गई। इस दौरान गुस्से में आकर मो. कल्लू ने एक राउंड फायरिंग कर दी। 

हालांकि, आरोपियों को यकीन नहीं था कि गोली लगी या नहीं, लेकिन इसके बाद उन्होंने गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद, शव को ठिकाने लगाने के लिए घर के मालिक कारू की मदद ली गई। चारों आरोपियों ने शव को दूर ले जाकर फेंक दिया और सबूत मिटाने के लिए मृतक की मोटरसाइकिल भी वहां से हटा दी। लेकिन जल्दबाजी में मो. कल्लू का पिस्तौल रास्ते में गिर गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। 

इस हत्याकांड के खुलासे के बाद इलाके में खौफ और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि आगे से कोई ऐसी वारदात न करे। फिलहाल इस हत्याकांड के दो आरोपी मोन्टी और जेस्सी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लेने का दावा कर रही है। 

बाढ़ एएसपी राकेश कुमार ने बताया कि “हत्या का खुलासा हो चुका है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, बाकी दो की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” हत्या के पीछे असली वजह क्या सिर्फ झगड़ा था या कोई गहरी साजिश भी हो सकती है! यह जांच का विषय है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे भी खुलासे हो सकते हैं।

Share This Article