सिटी पोस्ट लाइव
जमुई। जमुई में मंगलवार सुबह सशस्त्र सुरक्षा बल की स्वान दस्ते की टीम ने सिमुलतला थाना क्षेत्र के घोरपारन जंगल में 45 किलोग्राम सफेद रंग का विस्फोटक खोज निकाला। बरामदगी के बाद बम निरोधक दस्ते ने जंगल में ही इसे नष्ट कर दिया। सूत्रों के अनुसार, एसएसबी को दो दिन पहले गुप्त सूचना मिली थी कि जंगल में कहीं विस्फोटक छुपाया गया है। इसके बाद कंपनी कमांडर जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम लगातार तलाशी अभियान चला रही थी। मंगलवार सुबह 8:40 बजे रेलवे ट्रैक से 500 मीटर दूर एक बोरे में विस्फोटक मिला, जिसे स्वान दस्ते ने गंध के आधार पर खोज निकाला।

घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद सर्किल इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह और सिमुलतला थाना प्रभारी धनंजय कुमार मौके पर पहुंचे। इसके अलावा, बम निरोधक दस्ते और एसटीएफ की टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया। बम निरोधक दस्ते ने एसएसबी और पुलिस की मौजूदगी में विस्फोटक को नियंत्रित तरीके से जला दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि विस्फोटक का नमूना सुरक्षित रखा गया है। सफेद रंग के इस पदार्थ के अमोनियम नाइट्रेट होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि सटीक जानकारी जांच के बाद ही मिलेगी। सूत्रों का कहना है कि अगर इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक का उपयोग किया जाता, तो यह गंभीर घटना का रूप ले सकता था।