सिटी पोस्ट लाइव
रोहतास। जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के पखनारी गांव में एक युवक को पिलर में बांधकर पीटने की घटना सामने आई है। इस मामले में स्थानीय जन प्रतिनिधि इब्राहिम हुसैन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पीड़ित युवक नौशाद मीर के पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, और उसका उपचार कराया जा रहा है।

पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित नौशाद मीर ने शिवसागर थाना में वार्ड सदस्य इब्राहिम हुसैन सहित तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को दिए गए आवेदन में नौशाद मीर ने आरोप लगाया है कि न केवल उसे बल्कि उसके माता-पिता और बहनों को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे सभी को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है।

चोरी के आरोप में पिटाई
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि वार्ड सदस्य इब्राहिम हुसैन की दुकान से एक पंखा चोरी हो गया था, जिसका आरोप नौशाद मीर पर लगाया गया। इसी आरोप के तहत उसकी पिटाई की गई और इस दौरान आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया, जो अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

शिवसागर थाना क्षेत्र में युवक को बांधकर पीटने की घटना का वीडियो हमें प्राप्त हुआ। जांच के बाद नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा आरोपी की तरफ से भी चोरी के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पूरे मामले की जांच चल रही है।
– रौशन कुमार, पुलिस अधीक्षक, रोहतास