बिहार के 7 जिलों के लिए अलर्ट, गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी.

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : सोमवार की शाम तेज हवा और बारिश से बिहार के लोगों को बड़ी राहत मिली. दिनभर चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से बेहाल बिहार के लोगों को तेज और ठंडी हवाओं ने राहत दी. शाम से ही कई जिलों में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हुआ. तकरीबन 11 बजे से 3 बजे के बीच राजधानी पटना में मूसलाधार बारिश, तेज गरज चमक और जोरदार आंधी देखने को मिली. बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, वैशाली, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, सीवान, गोपालगंज, मुंगेर, लखीसराय, औरंगाबाद, खगड़िया, मधुबनी और नालंदा में भी मूसलाधार बारिश हुई. इस वजह से मौसम सुहावना हो गया है.

आज मंगलवार को सुबह के समय आंशिक बादल छाया हुआ है.और ठंडी हवा चल रही है. मौसम विभाग ने आज उत्तर पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में बारिश जबकि शेष जिलों में हॉट डे रहने का पूर्वानुमान जारी किया है. लेकिन, आज भी बारिश की स्थिति कई जिलों में देखने को मिलने वाली है.आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया और सुपौल में बारिश की संभावना है. साथ ही मेघगर्जन, व्रजपात और तेज हवा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. इसके अलावा शेष सभी जिलों में हॉट डे और उमस भरी गर्मी बनी रहने की संभावना है.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

रात में बारिश होने से तापमान में थोड़ी कमी देखने को मिल सकती है. आज भी कई जिलों में बारिश होने की स्थिति बन रही है. दिन का तापमान 35°C से 40°C के बीच बना रहेगा.12 मई को दिन में आंशिक रूप बादल छाए रहने की वजह से दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिली. मात्र चार जिलों का अधिकतम तापमान 40°C या इससे अधिक रिकॉर्ड किया गया. इसमें सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41°C मोतिहारी में दर्ज हुआ. इसके अलावा, डेहरी और गोपालगंज में 40.2°C और गया में 40°C रिकॉर्ड किया गया.

Share This Article