लोजपा (रामविलास) नेता का विपक्ष पर तंज चुनाव आते ही संविधान खतरे में, खत्म होते ही सब ठीक

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएलसी हुलास पांडेय ने गुरुवार को आरा परिसदन में प्रेस कांफ्रेंस कर 8 जून को आयोजित होने वाले “9 संकल्प संवाद कार्यक्रम” की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम चिराग पासवान के नेतृत्व में आरा के ऐतिहासिक रमना मैदान में दोपहर 1 बजे शुरू होगा, जिसमें सात जिलों के कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे। आयोजकों को एक लाख से अधिक लोगों की उपस्थिति की उम्मीद है।

हुलास पांडेय ने बताया कि “9 संकल्प संवाद” के पहले चरण की शुरुआत आरा से होना सम्मान की बात है। उन्होंने कहा “आरा वीरों की धरती है, यह बाबू वीर कुंवर सिंह की भूमि रही है। शाहाबाद का ऐतिहासिक महत्व है, और यही कारण है कि पार्टी ने संवाद की शुरुआत आरा से करने का निर्णय लिया।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उन्होंने कहा कि चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी उनके “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” के विजन को धरातल पर उतारने के लिए काम कर रही है। “जो लोग बिहार और बिहारियों का भविष्य उज्ज्वल बनाना चाहते हैं, वो 8 जून को रमना मैदान ज़रूर पहुंचे,” उन्होंने अपील की। हुलास पांडेय ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा “विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। चुनाव आते ही उन्हें संविधान खतरे में नजर आता है, और चुनाव खत्म होते ही सब कुछ सामान्य हो जाता है। ये जनता को गुमराह करने का एक तरीका मात्र है।”

एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि किसे कौन सी सीट मिलेगी, यह तय होने के बाद ही प्रत्याशियों के नाम तय किए जाएंगे। चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग पर उन्होंने कहा “हमारे कार्यकर्ता और मैं खुद यह चाहते हैं कि चिराग पासवान मुख्यमंत्री बनें, लेकिन फिलहाल एनडीए 2025 का विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगी।” हुलास पांडेय ने माना कि लोकसभा चुनाव में शाहाबाद क्षेत्र में एनडीए को भारी नुकसान हुआ है और इसके पीछे “मतदाताओं को गुमराह करना” एक प्रमुख कारण रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पार्टी अब इसे लेकर चरणबद्ध कार्ययोजना बनाएगी।

Share This Article