छपरा में गैस एजेंसी से दिनदहाड़े डेढ़ लाख की लूट, हथियारबंद बदमाश फरार, इलाके में दहशत

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
शहर के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा तेलपा की नई बस्ती में स्थित शिव भवानी गैस एजेंसी पर सोमवार को दिनदहाड़े हुई हथियारबंद लूट ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। तीन मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एजेंसी में घुसकर पिस्तौल के बल पर डेढ़ लाख रुपये नकद लूट लिए और फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक दोपहर के समय गैस एजेंसी पर पहुंचे। उनमें से दो युवक कार्यालय के भीतर घुसे जबकि तीसरा बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहा। अंदर घुसे युवकों ने एजेंसी के मैनेजर को पिस्तौल दिखाकर धमकाया और कैश काउंटर से लगभग ₹1.5 लाख रुपये लूट लिए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई और तीनों लुटेरे मौके से आराम से फरार हो गए।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी राज किशोर सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। डीएसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है, और लुटेरों की पहचान हो चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस इलाके में दिनदहाड़े ऐसी लूट हो रही है, वहां की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है। उन्होंने मांग की है कि पुलिस को गश्ती बढ़ानी चाहिए और अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए।

गैस एजेंसी हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सिलेंडर वितरण का एक प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन नकद लेनदेन भारी मात्रा में होता है, जिससे यह जगह आपराधिक तत्वों के लिए आसान निशाना बन चुकी है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है और इलाके में लगातार छापेमारी जारी है।

Share This Article