विधानसभा चुनाव तैयारी: आर. लाल कॉलेज का डीएम ने किया निरीक्षण, व्यवस्था सुधार के दिए निर्देश

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
लखीसराय जिले में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को जिला पदाधिकारी मिथलेश मिश्र ने अन्य अधिकारियों के साथ आर. लाल कॉलेज का निरीक्षण किया। यह कॉलेज सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र (167) के लिए डिस्पैच सेंटर के रूप में निर्धारित किया गया है।

निरीक्षण दल में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, डीसीएलआर शीतू शर्मा और निर्वाचन सहायक पदाधिकारी राहुल कुमार भी शामिल थे। मौके पर भवन निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनोज कुमार, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. देव शरण सिंह तथा अनिल कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अधिकारियों ने कॉलेज परिसर में सुरक्षा, बिजली, जलापूर्ति और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण में पाया गया कि कई जगहों पर व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता है। इस पर संबंधित विभागों को शीघ्र सुधार कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कॉलेज प्राचार्य से चुनाव कार्य में सहयोग हेतु स्टाफ की सूची जल्द उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यहीं से पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री का वितरण किया जाएगा, इसलिए पर्याप्त स्थान, साफ-सफाई, और बेहतर प्रबंधन आवश्यक हैं। निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि मतदान कर्मियों की सुविधा के लिए परिसर में साफ-सफाई एवं निरंतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप चुनावी तैयारियों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

Share This Article