सिटी पोस्ट लाइव
बिहार को एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बड़ी सौगात दी है। चुनावी वर्ष में उन्होंने सोमवार को पटना के कच्ची दरगाह और वैशाली के बिदुपुर को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित सिक्स लेन गंगा पुल का लोकार्पण किया। यह पुल करीब 5000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है, जिसमें 3000 करोड़ रुपये का ऋण एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) से लिया गया है, जबकि शेष 2000 करोड़ रुपये की राशि राज्य सरकार ने उपलब्ध कराई है।
यह अत्याधुनिक सिक्स लेन पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने का एक नया और वैकल्पिक मार्ग प्रदान करेगा। इससे राजधानी पटना और राघोपुर दियारा क्षेत्र के बीच पूरे साल सड़क संपर्क बना रहेगा। महात्मा गांधी सेतु पर बढ़ते यातायात के दबाव को भी यह पुल काफी हद तक कम करेगा। पुल के चालू होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि आकस्मिक चिकित्सा, शिक्षा और रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी होगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण सड़कों और पुलों के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है ताकि बिहार का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके। इस पुल से खास तौर पर कृषि, उद्योग और व्यापार को नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों में तेज़ी आएगी।