नालंदा झाड़ियों में मिला बुजुर्ग का शव, गला दबाकर हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखरामा गांव में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने खेत की झाड़ियों में एक अज्ञात बुजुर्ग का शव पड़ा देखा। शव की हालत और मौके की स्थिति को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने पर बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

मृतक की उम्र लगभग 60 से 70 वर्ष के बीच बताई जा रही है। वह शर्ट और लुंगी पहने हुए था। शव की स्थिति गंभीर थी—एक आंख फूटी हुई थी और गर्दन पर काले निशान साफ तौर पर दिखाई दे रहे थे, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका और भी प्रबल हो गई है। पुलिस को संदेह है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

घटना की सूचना मिलने पर दीपनगर थाना अध्यक्ष जितेंद्र राम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेजा गया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस शव की पहचान के लिए आसपास के गांवों और थानों से संपर्क कर रही है। वहीं ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने की मांग की है। यह घटना जिले में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

Share This Article