बाबा बागेश्वर के पटना कार्यक्रम पर प्रशासन की रोक, गांधी मैदान में ‘सनातन महाकुंभ’ को नहीं मिली अनुमति

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आगामी 6 जुलाई को प्रस्तावित ‘सनातन महाकुंभ’ कार्यक्रम, जिसमें बाबा बागेश्वर धाम सरकार उर्फ़ आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री की उपस्थिति निर्धारित थी, पर पटना जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है। यह भव्य आयोजन पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे की ओर से आयोजित किया जा रहा था।

प्रशासन द्वारा जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि इस कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से बड़े स्तर पर प्रचार किया जा रहा था, जबकि जिला प्रशासन से इस कार्यक्रम के लिए कोई विधिवत अनुमति नहीं ली गई थी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

भीड़ और सुरक्षा को लेकर जताई गई चिंता
प्रशासन का कहना है कि ऐसे आयोजनों में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना रहती है, जिससे सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। गांधी मैदान जैसे संवेदनशील स्थल पर बिना अनुमति इस तरह का आयोजन कानून व्यवस्था को चुनौती दे सकता है।

जिला नियंत्रण कक्ष की सक्रियता
प्रशासन को जब सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से कार्यक्रम की जानकारी मिली, तो जिला नियंत्रण कक्ष ने स्थिति का जायज़ा लिया और तुरंत स्पष्ट किया कि 6 जुलाई को गांधी मैदान में किसी प्रकार का सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी गई है। प्रशासन ने आयोजकों और आमजन से नियमों का पालन करने की अपील की है। वहीं, अब यह देखना होगा कि आयोजक इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और क्या कार्यक्रम को किसी वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित किया जाता है।

Share This Article