Bihar Rain Alert:
सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में मानसून ने सोमवार से रफ्तार पकड़ ली है. पूरे राज्य में बारिश का सिलसिला तेज हो गया है.अगले एक सप्ताह तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है, साथ ही वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी भी दी गई है. . मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 16 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है.13 जिलों में ऑरेंज और 3 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है.मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की अक्षीय रेखा फिलहाल बिहार के ऊपर से गुजर रही है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं राज्य के मौसम को लगातार प्रभावित कर रही हैं.
दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य, पूर्वी और उत्तर-पश्चिम जिलों में व्यापक बारिश की संभावना है. सोमवार को सीवान जिले में सर्वाधिक 115.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि औरंगाबाद में 68.4 मिमी, भोजपुर में 47.2 मिमी, नवादा में 44.8 मिमी और पूर्वी चंपारण में 37.6 मिमी वर्षा हुई। राजधानी पटना में हल्की बारिश के बाद धूप निकलने से मौसम सुहाना हो गया, जबकि किशनगंज और जमुई में बादल छाए रहे. नेपाल में हो रही मूसलधार बारिश का असर भी अब सीमावर्ती जिलों में दिखने लगा है. सीतामढ़ी में लखनदेई नदी का जलस्तर सोमवार को तेजी से बढ़ गया, जिससे शहर के तीन अस्थायी डायवर्सन टूट गए और आवागमन बाधित हो गया.