Bihar News : आशीष मंडल की बिगड़ी तबियत, इलाज के लिए भेजे गए अस्पताल
सिटी पोस्ट लाइव : अपने विवादित बयान को लेकर अक्सर चर्चा में रहनेवाले JDU के फायरब्रांड नेता गोपाल मंडल के बेटे आशीष मंडल गंगा कटाव पीड़ितों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठ गये हैं.आशीष मंडल की तबीयत रविवार को अचानक बिगड़ गई. उन्हें तुरंत भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल मायागंज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है.आशीष मंडल बीते पांच दिनों से ‘जितिया अनशन’ के नाम से आंदोलन कर रहे थे.
मासाडू गांव में गंगा कटाव से पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर आशीष मंडल अनशन पर हैं.उनके इस अनशन के पीछे गंगा कटाव से विस्थापित सैकड़ों परिवारों को सरकारी मुआवजा और पुनर्वास दिलाना मकसद है.आशीष मंडल की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया.आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया और आंदोलनकारियों को भरोसा दिलाया कि मामले में सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी.
इस आंदोलन को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है.पूर्व मुखिया राजेश मंडल ने कहा, “जब तक कटाव पीड़ितों को उनका हक नहीं मिलेगा, यह आंदोलन थमेगा नहीं. आशीष मंडल ने जो आवाज उठाई है, वह हर पीड़ित की आवाज है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द उचित कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. जिला प्रशासन की ओर से आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया गया है कि मुआवजा प्रक्रिया की समीक्षा की जा रही है. शीघ्र सहायता प्रदान की जाएगी.