सिटी पोस्ट लाइव
पटना के बहुचर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना के पुलिस महानिरीक्षक (IG) जितेंद्र राणा ने बताया कि इस मामले में जिन चार अभियुक्तों को कल पटना लाया गया था, उनसे प्रारंभिक पूछताछ की जा चुकी है और मंगलवार, 22 जुलाई उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
IG राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस इन सभी अभियुक्तों को रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि रिमांड पर लेने के बाद उनसे और गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे इस पूरे मामले में कई और खुलासे होने की संभावना है।
आईजी के अनुसार, पुलिस इस बात की भी पहचान कर रही है कि इस हत्याकांड में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं। उन्होंने बताया, “इस कांड में कौन-कौन से लोग शामिल हैं, इन लोगों की भी पहचान की जा रही है और भी लोग हैं जिनकी पहचान की गई है।” इन नए संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ (STF) और पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
जितेंद्र राणा ने विश्वास व्यक्त किया कि जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिमांड पर लेकर पूछताछ से इस हत्याकांड की पूरी साजिश और इसमें शामिल सभी व्यक्तियों के नाम सामने आ सकते हैं। पुलिस इस मामले को सुलझाने के लिए पूरी तरह से सक्रिय है।