सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सुबह-सुबह एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि राज्य सरकार बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का गठन करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी, जिससे राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस आयोग में एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष और पांच सदस्य होंगे। खास बात यह है कि इन सदस्यों में एक महिला और एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति को भी शामिल किया जाएगा। यह कदम ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा में जोड़ने और उनके प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इस आयोग का मुख्य उद्देश्य राज्य में सफाई कार्यों से जुड़े समाज के वंचित वर्ग के लोगों को मुख्य धारा में जोड़ना तथा उनके सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है।
बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग, सफाई कर्मियों के हितों से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव सरकार को देगा। यह आयोग उनके अधिकारों की रक्षा के संबंध में भी सरकार को सलाह देगा और सफाई कार्यों में लगे लोगों से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करेगा। इसके साथ ही, यह आयोग इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करवाने में भी समुचित कार्रवाई करेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह सुबह-सुबह किया गया ट्वीट बिहार में सफाई कर्मचारियों के जीवन स्तर को सुधारने और उनके अधिकारों की रक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह कदम समाज के सबसे निचले तबके के उत्थान के लिए एक महत्वपूर्ण सरकारी पहल मानी जा रही है।