सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के आरा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ दानापुर-डीडीयू रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से 400 से अधिक भेड़ों की मौत हो गई। यह घटना शनिवार सुबह बनाही और सिकरिया हॉल्ट के बीच बनकट गांव के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
भेड़पालकों ने बताया कि शुक्रवार की रात भारी बारिश हो रही थी। बारिश से बचने के लिए भेड़ें रेलवे ट्रैक की ओर चली गईं। जब उन्हें नींद खुली और उन्होंने अपनी भेड़ों को गायब पाया, तो उनकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान वे रेलवे ट्रैक पर पहुँचे, जहाँ उन्होंने अपनी भेड़ों को ट्रेन से कटा हुआ और क्षत-विक्षत अवस्था में पाया।
इस दुखद हादसे में बनकट गांव के भरत पाल, उदयनारायण पाल और मार्कण्डेय पाल को भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में उनकी कुल 404 भेड़ें मारी गईं। इस नुकसान से उनका जीवनयापन मुश्किल हो गया है। हालाँकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना न सिर्फ जानवरों के लिए एक त्रासदी है, बल्कि उन गरीब भेड़पालकों के लिए भी एक बड़ा झटका है, जिनकी आजीविका इन्हीं भेड़ों पर निर्भर करती है। स्थानीय प्रशासन ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन भेड़पालकों ने मुआवजे और मदद की गुहार लगाई है।